मलिहाबाद। दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी से आहत इंजीनियर ने सोमवार सुबह फांसी लगा ली। मृतक के पिता ने पड़ोसी परिवार पर बेटे को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। रहीमाबाद पुलिस ने आठ लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने एक आरोपी मनोज को गिरफ्तार किया है।
गोसवा निवासी वैभव अवस्थी (28) ब्रॉड बैंड इंजीनियर थे। उनके पिता समीर उर्फ बाबू के मुताबिक पड़ोसी सुनील से उनकी पुरानी रंजिश है। बीते रविवार को सुनील व उसका परिवार उनके घर पर आ धमका था। विरोध पर आरोपियों ने पथराव किया था और वैभव को दौड़ा लिया था। समीर ने बताया कि सोमवार सुबह पूरा परिवार बाग गया था। घर पर अकेले वैभव था। साढ़े दस बजे समीर जब घर आए तो वैभव को कमरे में पंखे के हुक से रस्सी के सहारे लटकता पाया। परिवार में पत्नी आरती, आठ माह की बेटी वन्या, मां मीना, भाई तुषार, बहन श्वेता व गौरी हैं।
महीनों से दे रहे थे धमकी
पिता के मुताबिक सुनील कई महीनों से बेटे को दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा था। शनिवार को भी गाली-गलौज व मारपीट की थी। रविवार सुबह वैभव के खिलाफ दुष्कर्म का झूठा मुकदमा लिखाने की बात कही थी। एसओ अनुभव सिंह के मुताबिक पीड़ित परिवार ने रात में मारपीट की सूचना नहीं दी थी। सुनील, पप्पू, गप्पू, मनोज, अटल, राधा, दीपाली व गुड्डन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया है।