ठाकुरगंज इंस्पेक्टर के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम छह बजे हरदोई डिपो की रोडवेज बस तेज रफ्तार में जा रही थी। बालागंज चौराहे पर बस ने आगे जा रहे ई रिक्शा में टक्कर मार दी। इससे ई रिक्शा पलट गया और उसमें सवार संडीला के रहने वाले सुलभ शौचालय के सफाईकर्मी गिरधारी (35) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य सवारियां व ई रिक्शा चालक मामूली रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ई रिक्शा चालक व तीनों घायल सवारियां जा चुकी थीं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर का कहना है कि बस कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।