लखनऊ। व्यावसायिक सिलिंडरों की बढ़ी कीमतों का असर शादियों की दावत पर भी पड़ा है। क्योंकि, कैटरिंग कारोबारियों ने जो बुकिंग की हैं, उनकी अब लागत बढ़ जाएगी। उत्तर प्रदेश टेंट कैटरर्स एंड डेकोरेटर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि मई की सहालग की बुकिंग पहले से ही पुराने रेट में ले रखी है। ऐसे में बढ़ी हुई कीमतों का बोझ कैटरर्स पर पड़ेगा। एक बुकिंग पर 10 हजार तक का नुकसान है। यही नहीं, नवंबर-दिसंबर की सहालगों में हर चीज महंगी हो जाएगी। 1,850 रुपये का सिलिंडर पहले 2,200 का हुआ, फिर सीधा 3,200 रुपये का। इस महंगाई से चाय से लेकर समोसा बेचने वाले छोटे-मोटे दुकानदार कहां जाएंगे। एसोसिएशन सरकार से यह मांग करता है कि बढ़े हुए दामों को वापस लिया जाए।