अवकाश प्राप्त आईएएस अधिकारी प्रभात कुमार राज्य लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष होंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्ताव पर राज्यपाल राम नाईक ने शुक्रवार को अध्यक्ष पद के लिए प्रभात के नाम का अनुमोदन दे दिया। अवकाश प्राप्त न्यायिक सेवा के अधिकारी प्रेम कुमार सिंह को आयोग में शासकीय सदस्य बनाया गया है। चयनित अध्यक्ष व सदस्य अगले सप्ताह आयोग में कार्यभार ग्रहण कर सकते हैं।
जैसाकि पहले से अनुमान लगाया जा रहा था, प्रदेश सरकार ने साफ-सुथरी छवि व भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए चर्चित 1985 बैच के आईएएस अधिकारी प्रभात कुमार को लोक सेवा आयोग की कमान सौंप दी है। शनिवार व रविवार को अवकाश होने की वजह से सोमवार को उनकी नियुक्ति के आदेश जारी होने की संभावना है।
एक या दो जुलाई को वह आयोग में कार्यभार ग्रहण कर सकते हैं। पिछले कई वर्षों से भर्तियों में भ्रष्टाचार के आरोपों व सीबीआई जांच का सामना कर रहे आयोग की प्रतिष्ठा बहाली प्रभात की सबसे बड़ी चुनौती है। बताया गया है कि आयोग के सदस्य नियुक्त किए गए प्रेम कुमार सिंह गौतमबुद्धनगर जिले के जिला जज के पद से बीती 30 अप्रैल को रिटायर हुए हैं।