लाइनों में फॉल्ट तो कहीं तकनीकी खराबी के चलते गुल रही बत्ती
शहर में सुबह गुल हो गई बिजली, पेयजल समस्या से जूझे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली-ऊंचाहार। मंगलवार को बारिश होने से गर्मी और उमस से कुछ सुकून मिला, लेकिन बिजली लाइनों में फॉल्ट और तकनीकी खराबी की वजह से शहर और ग्रामीण क्षेत्र की बिजली गुल रही। शहर के कई मोहल्लों में सुबह-सुबह बिजली चली गई। इससे पेजयल की समस्या से जूझना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत इंदिरा नगर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को हुई। सुबह सात बजे बिजली चली गई। इसके बाद दोपहर एक बजे आई। इसके बाद तीन बजे तक बिजली की आवाजाही लगी रही। इसी तरह प्रगतिपुरम, आईटीआई विद्युत उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग की समस्या से जूझना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्र के कलुवाखेड़ा, डलमऊ, कठगर व गदागंज विद्युत उपकेंद्रों की लाइनों में फॉल्ट आने से बिजली गुल रही।
ऊंचाहार क्षेत्र के जमुनापुर उपकेंद्र से जुड़े गांवों में अघोषित बिजली कटौती से लोग बेहाल हैं। उपकेंद्र से जमुनापुर, भीलमपुर, किरवाहार व अंबारा फीडर निकले हैं। इन फीडरों से जमुनापुर, बाहरपुर, रामसांडा, किसुनदासपुर, भीलमपुर, रामचंद्रपुर, सरांय हरदो, कमोली, कल्यानपुर समेत 50 गांवों को बिजली दी जाती है। अघोषित कटौती से इन गांवों में बिजली आपूर्ति का शेड्यूल गड़बड़ा गया है। हर घंटे कटौती की वजह से गांवों को बमुश्किल आठ घंटे बिजली मिल रही है। वहीं लो वोल्टेज के चलते कारखाने, ट्यूबवेल, सबमर्सिबल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक मशीनें नहीं चल रही हैं।
किसान शिवकमल सिंह, जगतपाल मौर्य, उदयभान सिंह, संगम मिश्रा, राजेंद्र सिंह व हरिशरण मौर्य ने बताया कि बिजली कटौती से धान की फसल की सिंचाई नहीं हो पा रही है। किसानों ने दो दिन में आपूर्ति दुरुस्त न होने पर उपकेंद्र का घेराव करने की चेतावनी दी है। अधिशासी अभियंता धीरेंद्र सिंह ने बताया कि बिजली की मांग अधिक होने के चलते पूरे जिले में रोस्टिंग की जा रही है। जल्द ही समस्या से निजात मिल जाएगी।
ज्ञापन सौंपा, कहा मिले शेड्यूल के हिसाब से बिजली
बिजली कटौती से परेशान रामसांडा गांव के दिलीप कुमार, चंद्रपाल मौर्य, दिनेश कुमार, अमित कुमार, अर्जुन, रामप्रसाद, संतराम, धर्मेश, कमलेश प्रजापति व रवि शर्मा ने मंगलवार को अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। कहा कि बिजली के लिए त्राहि-त्राहि मची है। समस्या से निजात दिलाई जाए। एक्सईएन ने समस्या दूर कराने का भरोसा दिया।