लखनऊ। सैरपुर इलाके में बृहस्पतिवार शाम आपसी विवाद के चलते इटौंजा निवासी रामनरेश (35) को उसके ही रिश्तेदारों ने गोली मार दी। गोली युवक के दाहिने हाथ पर लगी।
उसे ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया। घायल के एक रिश्तेदार व उसके दो बेटों सहित चार के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। अगर युवक हाथ आगे न करता तो गोली सीने के पार हो जाती।
एडीसीपी उत्तरी अभिजीत आर शंकर ने बताया कि रामनरेश सैरपुर के मुबारकपुर गांव में साले का मकान बनवा रहे हैं। निर्माण का काम बाराबंकी निवासी ठेकेदार दिनेश यादव करवा रहा था। बताया जाता है कि शाम पांच बजे प्लास्टर का काम चल रहा था।
रामनरेश अपने एक रिश्तेदार भुड़पुरवा निवासी अर्जुन यादव के साथ निर्माणाधीन मकान के बगल में सटे ठेके की छत पर लेटे थे। इस बीच रामनरेश के रिश्तेदार मुकाबरपुर निवासी हरिराम, अपने बेटे लवकुश, धर्मेंद्र और एक अज्ञात व्यक्ति के साथ वहां पहुंच गए।
आरोप है कि आराम कर रहे रामनरेश पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इसमें रामनरेश को गंभीर चोट लगी। इस बीच लवकुश ने तमंचा निकाल लिया और रामनरेश के सीने की तरफ सटाकर गोली चला दी।
रामनरेश ने दाहिना हाथ आगे कर दिया और गोली हाथ पर लगी। वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े। शोर होते ही आरोपी मौके से भाग निकले।
रामनरेश के रिश्तेदार अर्जुन ने आरोपी हरिराम, उनके बेटे लवकुश, धर्मेंद्र और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर विनोद कुमार तिवारी का कहना है कि रामनरेश की हालत खतरे से बाहर है और आरोपियों की तलाश में टीम गठित की गई है।
इसलिए मार दी गोली
इंस्पेक्टर ने बताया कि छानबीन में पता चला है कि आरोपी हरिराम ने कुछ समय पहले ठेकेदार दिनेश यादव से मकान बनवाया था। उन लोगों का लेनदेन के चलते विवाद हो गया था। इस बीच रामनरेश के साले का घर उक्त ठेकेदार दिनेश बनवाने लगा। इसका हरीराम व उसके बेटों ने विरोध किया। रामनरेश ने जब आरोपियों की बात मानने से इनकार कर दिया तो हमला कर दिया।