पुनर्वास विवि : मेरिट के आधार पर होगा छात्रावासों का आवंटन
लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में अब छात्रावास आवंटन की व्यवस्था पूरी तरह बदल दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अब हर साल सभी छात्रावास मेरिट के आधार पर आवंटित होंगे। पुराने छात्रों को भी फिर से आवेदन करना होगा। अब कोई भी छात्र लगातार एक ही छात्रावास में नहीं रह सकेगा।शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में पुराने छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच यह निर्णय लिया गया। धरने पर बैठे 12 छात्रों की मांगों को मानने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें समझाकर आंदोलन समाप्त कराया। छात्रों का कहना था कि जब वे अभी पढ़ाई कर रहे हैं, तो उन्हें छात्रावास खाली नहीं कराना चाहिए। हालांकि, प्रशासन का तर्क है कि कई छात्र पिछले 10 सालों से एक ही छात्रावास में रह रहे थे, जो नियमों के खिलाफ है। विवि के प्रवक्ता डॉ. यशवंत वीरोदय ने बताया कि इस बार से हर साल नए सिरे से आवेदन करने होंगे।