लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विवि में यूजी-पीजी, प्रोफेशनल और तकनीकी कोर्स में खाली रह गईं 810 सीटों पर दोबारा प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। विवि ओर से आवेदन पोर्टल खोल दिया गया है। अभ्यर्थी शुक्रवार और शनिवार को प्रवेश के लिए आवेदन फॉर्म भर सकेंगे।
पुनर्वास विवि के प्रवक्ता प्रो. यशवंत वीरोदय की ओर जारी सूचना में विश्वविद्यालय स्तर पर कई कोर्स में सीटें खाली रह गईं हैं। इन्हें भरने के लिए कुलपति के अनुमोदन के बाद दोबारा से प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया है, जिन कोर्स में सीटें खाली रह गई हैं उसमें बीबीए, एमबीए, बीएससी, बीकॉम, बीटेक एमटेक और एमएड के कोर्स शामिल हैं। सभी कोर्स में आठ सौ के करीब सीटें रिक्त हैं। स्नातक और परास्नातक स्तर पर 551 और टेक्निकल कोर्स में 259 सीटें खाली हैं।
सीयूईटी से मिलेगा प्रवेश
प्रवक्ता ने बताया कि बीकॉम, बीकॉम एलएलबी, बीएससी सीएस एवं आईटी, बीबीए और बीवीए कोर्स में सीयूईटी पास करने वाले विद्यार्थी आवेदन के पात्र होंगे। इसमें क्रमशः 24, 24, 7, 9 और 10 सीटें खाली हैं। बीटेक की विभिन्न शाखाओं में खाली सीटों पर हाईस्कूल, इंटरमीडिएट में 60 प्रतिशत अंक और जेईई मेन या सीयूईटी में उत्तीर्ण अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे। बीटेक में शाखा वार क्रमशः 14, 52, 33, 30, 52, 50 और 55 सीटें खाली हैं।