माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन(आरडीएसओ) में गत मंगलवार को राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
अपर महानिदेशक क़ाज़ी मेराज अहमद की अध्यक्षता में हुई बैठक में पिछली तिमाही में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं राजभाषा में किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने सभी अधिकारियों से सरकारी कार्यों में राजभाषा हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया। बैठक में अपर महानिदेशक की ओर से राजभाषा पत्रिका ‘मानक रश्मि’ के नए अंक का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर आरडीएसओ के मुख्य राजभाषा अधिकारी शमीम अहमद ने संगठन की राजभाषा संबंधी गतिविधियों एवं उपलब्धियों का विस्तृत विवरण पेश किया। उन्होंने रेलवे बोर्ड द्वारा संगठन को प्रदान किया गया शिवसागर मिश्र चल वैजयंती पुरस्कार तथा व्यक्तिगत पुरस्कार योजना के अंतर्गत सरकारी कार्यों में हिंदी के प्रशंसनीय प्रयोग के लिए दो कर्मचारियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। बैठक में वरिष्ठ अनुवादक हिमांशु श्रीवास्तव ने तिमाही की राजभाषा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।