लखनऊ। आशियाना में किराये पर रहने वाली दो दलित बहनों को शोहदे ने रेप कर वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी दी है। इसकी शिकायत 1090 में किए जाने के बाद आशियाना थाने में सोमवार देर रात मुकदमा दर्ज किया गया है। मूलरूप से प्रयागराज की रहने वाली दो दलित बहनें आशियाना में किराये पर रहती हैं। दोनों अपनी पढ़ाई का खर्च निकालने के लिए पार्ट टाइम नौकरी भी करती हैं और ट्यूशन भी पढ़ाती हैं। पीड़ित बहनों का आरोप है कि जबसे वह मोहल्ले में रहने आई हैं, तभी से यहां का आशू त्रिपाठी नाम का शोहदा खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताकर उनके साथ छींटाकशी व अश्लील हरकतें कर रहा है। पीड़ित बहनों का आरोप है कि शुक्रवार को जब दोनों बहनें बाहर पानी भरने गईं तो अश्लील हरकतें करने लगा। दोनों बहनें डरकर घर के अंदर चली गईं तो शोहदा वहां भी पहुंच गया और दरवाजा न खोलने पर रेप कर वीडियो बनाने की धमकी दी।