लखनऊ। ठाकुरगंज स्थित इस्लामिया शमशुल उलूम मदरसे में आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी मौलाना आब्दीन के भाई अरशद को मंगलवार शाम मलिहाबाद पुलिस ने बालागंज से गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
मलिहाबाद इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि हरदोई निवासी नामजद आरोपी अरशद को कई दिन से पुलिस तलाश रही थी। मंगलवार शाम सर्विलांस की मदद से ठाकुरगंज के बालागंज में उसकी लोकेशन मिली। इस पर पुलिस टीम ने आरोपी अरशद को वहां से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस बुधवार को आरोपी अरशद को कोर्ट में पेश करेगी। इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़ित बच्ची का मेडिकल कराया जा चुका है। मामले में मुख्य आरोपी मौलाना आब्दीन और बच्ची की मां को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
मलिहाबाद इलाके में रहने वाली आठ साल की बच्ची से ठाकुरगंज के न्यू हैदरगंज स्थित इस्लामिया शमशुल उलूम मदरसे के मौलाना आब्दीन व उसके भाई अरशद ने मदरसे के हॉस्टल में दुष्कर्म किया था। बच्ची ने जब अपनी मां को इस बारे में बताया तो उसने आरोपियों का पक्ष लेते हुए बच्ची को ही चुप कराते हुए पिटाई कर दी थी। 20 फरवरी को मलिहाबाद थाने में बच्ची के पिता ने केस दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी मौलाना आब्दीन और बच्ची की मां को गिरफ्तार किया था। आरोपी अरशद फरार चल रहा था।