लखनऊ में अगले महीने क्रिकेट का फीवर चरम पर रहेगा। एक महीने तक लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में जोरदार मुकाबले होंगे। जहां एक ओर जनवरी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों की धूम होगी तो दूसरी ओर घरेलू क्रिकेट के कई मुकाबले भी यहां पर आयोजित किए जाएंगे।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार यहां कुल तीन मैच खेले जाएंगे। दो मुकाबले रणजी तो एक मैच सीके नायडू शृंखला का होगा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन यानी यूपीसीए ने इस बारे में जानकारी दी है।
ये भी पढ़ें - भारत-चीन विवाद: मुख्यमंत्री योगी बोले, राहुल गांधी का बयान अमर्यादित, देश और सेना का अपमान करने वाला
ये भी पढ़ें - माफिया मुख्तार अंसारी की लखनऊ स्थित आठ करोड़ की अवैध संपत्ति कुर्क, मां और बहन के नाम थे प्लाट
सीके नायडू सीरीज के ग्रुप-सी में यूपी की टक्कर तामिलनाडु से होगी। ये मुकाबला 15 जनवरी को इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के बी ग्राउंड पर खेला जाएगा जबकि रणजी ट्राफी के दो मुकाबले इकाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के मुख्य मैदान पर खेले जाएंगे। तीन-छह जनवरी को रणजी ट्रॉफी के ग्रुप ए में यूपी की टक्कर हरियाणा से होगी जबकि 10 से 13 जनवरी को यूपी और उत्तराखंड की टक्कर भी मेन ग्राउंड पर होगी।
लखनऊ में एक बार फिर चौके-छक्कों की बरसात होने जा रही है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 मुकाबला भी इसी मैदान पर खेला जाएगा। तीन मैचों की टी20 सीरीज का यह दूसरा मैच 29 जनवरी को होगा। क्रिकेट फैंस मैच को लेकर काफी उत्सुक नजर आ रहे हैं। वहीं, मैच को लेकर स्टेडियम में तैयारियां शुरू हो गई हैं।