लखनऊ। निरालानगर सि्थत रामकृष्ण मठ में शनिवार को रामकृष्ण मिशन का 128वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। मठ के स्वामी मुक्तिनाथानंद ने कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण से किया। उन्होंने मिशन के इतिहास एवं स्वामी विवेकानंद के विचारों पर प्रकाश डाला। कहा कि रामकृष्ण के आदर्शों एवं स्वामी विवेकानंद के मार्गदर्शन पर अग्रसर होने से ही समाज का भला होगा। उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड रामकृष्ण-विवेकानंद भाव प्रचार परिषद के पूर्व संयोजक डॉ. हीरा सिंह ने कहा कि रामकृष्ण मिशन का मुख्य उद्देश्य गरीबों, वंचितों एवं समाज के विभिन्न वर्गों की सेवा करना है। इस अवसर पर गीत-संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां पेश की गईं। स्वामी इष्टकृपानंद, रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम प्रबंध समिति के सदस्य डॉ. सुलेमान अम्मार रिजवी व अन्य लोग मौजूद रहे। समापन पर प्रसाद वितरण हुआ।