लखनऊ। सरोजनीनगर के भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कांग्रेस और सपा की महिला-सम्मान, महिला आरक्षण तथा राजनीतिक प्रतिनिधित्व की राजनीति पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने राहुल गांधी के शिव-शक्ति बयान पर सवाल उठाए। कहा कि राहुल गांधी मुंबई के मंच से शक्ति से लड़ने की बात कहते हैं। शिव-शक्ति का नाम लेना आसान है लेकिन नारी-शक्ति को अधिकार और अवसर देना असली परीक्षा है। कांग्रेस और सपा को बताना होगा कि उनकी राजनीति महिलाओं के अधिकारों के साथ खड़ी है या वोट-बैंक के हितों के साथ। राजेश्वर सिंह ने एक महिला सांसद पर टिप्पणी पर राहुल गांधी की चुप्पी पर प्रश्नचिह्न लगाया। गेनीबेन ठाकोर मामले में उनकी प्रतिक्रिया को चयनात्मक संवेदना कहा। तीन तलाक पर कांग्रेस के रुख को वोट-बैंक की राजनीति से प्रेरित बताया। राजेश्वर सिंह ने मुलायम सिंह यादव की बलात्कार पर विवादास्पद टिप्पणी का उल्लेख किया। उन्होंने 2019 में आजम खान की रमा देवी पर अशोभनीय टिप्पणी का भी जिक्र किया।