ऊंचाहार (रायबरेली)। तहसील क्षेत्र के राजापुर मजरे ऊंचाहार देहात गांव के पास कंदरावां रजबहे की पटरी कट गई। इससे नहर का पानी खेतों में बोई गेहूं की फसल में भर गया।
किसानों को जानकारी हुई तो तहसील प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार व लेखपाल ने जेसीबी से नहर बंधवाई, लेकिन तब तक लगभग 40 बीघा गेहूं की फसल पानी में डूब गई। किसानों ने बताया कि सूचना सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी गई, लेकिन कोई मौके पर नहीं आया।
डलमऊ पंप कैनाल से कंदरावां रजबहा निकला है। इस समय रजबहा में पानी छोड़ा गया है। बुधवार की रात गांव के पास नहर की पटरी कट गई। पटरी कटने से पानी किसानों के खेतों में जाने लगा। इस दौरान खेतों की रखवाली कर रहे किसानों ने नहर कटी देखी तो शोर मचाया। गांव के किसान मौके पर पहुंचे और कटी नहर को बांधने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
ग्राम प्रधान धनराज यादव ने इसकी सूचना एसडीएम सिद्धार्थ चौधरी को दी। एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार सुजीत कुमार सिंह व लेखपाल सीतेश सिंह मौके पर पहुंचे और जेसीबी से कटी पटरी पर मिट्टी डालकर नहर बंधवाया, लेकिन तब तक लगभग 25 किसानों की लगभग 40 बीघा गेहूं की फसल डूब गई।
किसान चंद्रपाल, शिव प्रकाश, छिटई, झमई व अमरनाथ ने बताया कि नहर कटने से गेहूं की फसल डूब गई है। पानी अधिक होने से फसल सड़ने का खतरा बना हुआ है। एसडीएम ने बताया कि नहर की कटी पटरी दुरुस्त करा दी गई है। सिंचाई विभाग को भी सूचना दी गई है। नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।