लखनऊ। मैन ऑफ द मैच सैफुल (101) के तूफानी शतक की बदौलत राज गार्डन ने अधीर दुबे मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में फायरबाल मास्टर्स को 38 रन से हराया। पहले मुकाबले में राज गार्डन ने चार विकेट खोकर 180 रन बनाए। सैफुल ने मात्र 54 गेंदों पर 101 रन की तूफानी शतकीय पारी खेली। इसमें सात चौके और आठ छक्के शामिल थे। जवाब में फायरबाल मास्टर्स की टीम आठ विकेट पर 142 रन ही बना सकी। मदन ने 31, अजय कुमार लाल ने 36, गुरबिंदर सिंह ने 24 रन बनाए। अजय द्विवेदी ने तीन विकेट चटकाए। प्रतियोगिता के एक अन्य मुकाबले में लकी आटोमोबाइल ने टीसीसी को सात विकेट से शिकस्त दी। टीसीसी ने सात विकेट पर 141 रन बनाए। इश्तियाक अहमद ने 46 रन बनाए। जवाब में लकी आटोमोबाइल ने 16.5 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मैन ऑफ द मैच मोहम्मद शरीफ ने नाबाद 53 व जीशान अजहर ने नाबाद 41 रन बनाए।