लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में शनिवार को नशामुक्त भारत अभियान के तहत विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। मुख्य वक्ता सरस्वती मेडिकल कॉलेज के मनोरोग चिकित्सा विभागाध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. अनुज यादव ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक जीवन और सामाजिक संबंधों को प्रभावित करती है। अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो. वीके सिंह, चीफ प्रॉक्टर प्रो. आशुतोष पांडेय और प्रो. राजीव नयन ने नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।