गदागंज, कठगर व उतरपारा विद्युत उपकेंद्र की लाइनों में आया फॉल्ट
दोपहर 12 बजे तक सभी गांवों की बहाल हो सकी बत्ती, हो रही ट्रिपिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। बिजली कर्मियों की हड़ताल के बाद सोमवार को तड़के बारिश ने एक बार फिर बिजली उपभोक्ताओं के लिए परेशानी बढ़ा दी। लाइनों में फॉल्ट आने की वजह से करीब 300 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। सुबह बिजली जाने से पेयजल समस्या से लोग बेहाल रहे। लोगों को हैंडपंपों से पानी भरकर लाना पड़ा। पावर कार्पोरेशन के अफसरों का दावा है कि आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन उपभोक्ताओं का कहना है कि अभी भी ट्रिपिंग की समस्या से छुटकारा नहीं मिल पाया है।
बिजली कर्मियों की 15 मार्च से हड़ताल होने से जिले भर में बिजली संकट गहरा गया था। रविवार को बिजली कर्मी हड़ताल से लौटे। देर रात तक सभी गांवों की आपूर्ति बहाल तो हो गई, लेकिन सोमवार को तड़के करीब चार से पांच बजे के बीच रुक-रुक हुई बारिश ने फिर बत्ती गुल कर दी।
गदागंज, कठगर, और उतरपारा विद्युत उपकेंद्रों की लाइनों में फॉल्ट आने से इनसे जुड़े करीब 300 गांवों की बत्ती गुल हो गई। इसके बाद अवर अभियंताओं और उनकी टीम ने फॉल्ट खोजने का काम शुरू किया। विद्युत उपकेंद्र गदागंज की बिजली 11 बजे, जबकि कठगर की 12 और उत्तरपारा की बिजली डेढ़ बजे बहाल हो पाई।
उपभोक्ता नंद किशोर साहू, पवन कुमार यादव, हरिकेश विश्वकर्मा, आशीष तिवारी ने बताया कि सुबह-सुबह बिजली जाने से सबसे ज्यादा दिक्कत पेयजल की हुई। बिजली नहीं आने से सबमर्सिबल पंप नहीं चले। इससे हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ा। विभाग आपूर्ति सही करने का दावा कर रही है, लेकिन आवाजाही बरकरार है। उधर, अधीक्षण अभियंता रामकुमार ने बताया कि बारिश की वजह से लाइनों में फॉल्ट आया था। सभी जगह फॉल्ट ठीक हो गए हैं। अब बिजली आपूर्ति हो रही है।