लखनऊ। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के हजरतगंज स्थित डीआरएम कार्यालय में सेवा संकल्प प्रस्ताव के तहत बैठक हुई। नए प्रधानमंत्री कार्यालय सेवा तीर्थ में आयोजित केंद्रीय मंत्रिमंडल की प्रथम बैठक में पारित सेवा संकल्प प्रस्ताव के अनुपालन में यह बैठक आयोजित की गई। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने सेवा संकल्प प्रस्ताव के बारे में बताया। कहा कि प्रस्ताव में निहित सेवा, समर्पण, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं नागरिक-केंद्रित कार्यसंस्कृति के मूल सिद्धांतों पर गहन विमर्श जरूरी है। सेवा तीर्थ की अवधारणा शासन की नई कार्य-संस्कृति का प्रतीक है, जिसमें प्रत्येक निर्णय जनसेवा की भावना से प्रेरित होता है। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में नागरिक देवो भव की भावना को आत्मसात करते हुए सुरक्षा, सुविधा एवं संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। बैठक में मंडल स्तर पर लिया जाने वाला प्रत्येक निर्णय राष्ट्र निर्माण के व्यापक लक्ष्य से जुड़ा रहे, इस पर जोर दिया गया।