लखनऊ। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) लखनऊ के पुलिस अधीक्षक रोहित मिश्रा ने सोमवार को जीआरपी थाना चारबाग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं, यात्री सुरक्षा और आगामी त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी रेलवे ने थाने के सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, बंदीगृह और कार्यालय के अभिलेखों का गहन अवलोकन किया। लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अर्दली रूम भी देखा। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान वहां तैनात महिला कर्मियों को महिला यात्रियों की सहायता और उनसे नम्र व्यवहार रखने के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी ने जीआरपी जवानों के साथ बैठक की। उन्होंने रेलवे स्टेशन चारबाग के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग और वेटिंग हॉल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।