माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन की ओर से यात्रियों से रेलवे लाइन के पास पतंग नहीं उड़ाने की अपील की गई है। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि रेलवे विद्युतीकृत लाइनों, ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) एवं रेलवे ट्रैक के आसपास जनहित में पतंग न उड़ाएं। ओवरहेड विद्युत लाइन में 25,000 वोल्ट का अत्यधिक उच्च वोल्टेज रहता है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। इसके अतिरिक्त वच्चों को रेलवे क्षेत्र में खेलने या पतंग उड़ाने से अभिभावक रोकें। रेलवे ट्रैक पर बैठने या मोबाइल, हेडफोन लगाकर बात करने से बचें। रेल परिसर के आसपास किसी भी प्रकार के खेल, आयोजन या समारोह न करें। ट्रैक पार करने के लिए फुट ओवर ब्रिज या अधिकृत समपार फाटक का ही उपयोग करें।