लखनऊ। असलहा तस्कर आरिफ की तलाश में जुटी एसटीएफ को अब तक उसका सुराग नहीं मिल सका। एसटीएफ ने बृहस्पतिवार को अमीनाबाद इलाके में दबिश भी दी मगर सफलता नहीं मिली। उसके तीन साथियों से पूछताछ भी की गई।
एसटीएफ के डिप्टी एसपी प्रमेश शुक्ल की टीम ने मध्य प्रदेश के भिंड निवासी देशराज सिंह और श्यामवीर सिंह उर्फ रानू को बालू अड्डा के पास से सात पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि भिंड निवासी नरेश सिंह उर्फ फौजी के कहने पर लखनऊ निवासी आरिफ को पिस्टल देने आए थे। आरिफ को एसटीएफ पहले भी दो बार असलहा तस्करी में जेल भेज चुकी है। जमानत पर छूटते ही वह फिर असलहों की तस्करी करने लगता है।
एसटीएफ का कहना है कि बिहार के मुंगेर जिले में अवैध असलहे बनाने वालों से भी आरिफ के संपर्क हैं। असलहा तस्करों के गिरोह के लोग उत्तर प्रदेश व पंजाब में सक्रिय हैं। एसटीएफ गिरोह के अन्य लोगों की तलाश कर रही है। सूत्रों के मुताबिक मध्य प्रदेश के तस्कर स्क्रैप से पिस्टल तैयार कर सप्लाई कर रहे हैं।