रायबरेली जिले में बछरावां कोतवाली क्षेत्र में रविवार को बांदा-बहराइच राजमार्ग पर डंपर और बोलेरो भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। तेज टक्कर होने के कारण बोलेरो को परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला। हालत गंभीर होने पर घायलों को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया।
फतेहपुर जिले के किशुनपुर थाना क्षेत्र के सरौली गांव से लखीमपुर खीरी जिले से तिलक चढ़ाने के बाद बोलेरो पर सवार होकर पांच लोग गृह जनपद लौट रहे थे। भोर करीब साढ़े चार बजे बछरावां कोतवाली क्षेत्र के नंदाखेड़ा गांव के पास पहुंचे, तभी फतेहपुर की ओर से आ रहे गिट्टी लदे डंपर से बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
सूचना मिलने पर कोतवाल नारायण कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर बोलेरो पर सवार लोगों को बाहर निकाला। इसमें फतेहपुर जिले के किशुनपुर थाना क्षेत्र के सरौली निवासी अनुगृह प्रताप (40) पुत्र लालचंद्र, गप्पू (40) पुत्र छेद्दू सिंह, इटैलीपुर गांव निवासी एवं बोलेरो चालक राजेश सिंह (50) पुत्र राजाराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पहुरा गांव निवासी राजकुमार सिंह (40), सरौली निवासी सुरेश अग्रहरी (30) गंभीर रूप से घायल हो गए।
विजय सिंह की बेटी का तिलक चढ़ानेे गए थे
फतेहपुर जिले के किशुनपुर थाना क्षेत्र के सरौली गांव विजय सिंह की बेटी नेहा सिंह का तिलक चढ़ाने सभी लोग लखीमपुर खीरी गए थे। रिश्तेदार राजेेश सिंह ने बताया कि नेहा उनकी भांजी लगती है। नेहा डॉक्टर है। जिस लड़के से भांजी की शादी हो रही है, वह भी डॉक्टर है। घर लौटते समय हादसा हुआ। तीन लोगों की मौत से गांव में कोहराम मचा है। परिजनों के आंसूू नहीं थम रहे हैं।
शवों को लेकर गांव को रवाना हुए लोग
फतेहपुर जिले के खागा थाना क्षेत्र के सितौली सिंह निवासी तुलसी सिंह, बुधवन गांव निवासी बबलू सिंह, इटैलीपुर निवासी रामचल समेत अन्य लोग हादसे की खबर पाकर रायबरेली पहुंचे। तुलसी ने बताया कि मृतक अनुगृह और गप्पू एक ही परिवार से थे। विजय की बेटी का तिलक चढ़ाने के बाद यह लोग घर लौट रहे थे। पोस्टमार्टम होने के बाद शवों को लेकर घर जा रहे हैं।