- मरीजों को नहीं लगाने होंगे लोहिया संस्थान के चक्कर, शासन ने स्वीकृत किए 1.67 करोड़
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। लोहिया संस्थान के शहीद पथ स्थित मातृ एवं शिशु रेफरल केंद्र में रेडियोलॉजी की सभी जांचें शुरू हो जाएंगी। इसके लिए शासन ने 1.67 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। रेडियोलॉजी जांच न होने की वजह से अभी तक यहां के मरीजों को संस्थान के गोमतीनगर स्थित मुख्य परिसर आना पड़ता है।
संस्थान के दोनों परिसर के बीच 12 किलोमीटर की दूरी है। शहीद पथ स्थित सेंटर पर महिलाओं और बच्चों के इलाज के साथ ही प्रसव की सुविधा उपलब्ध है। अभी यहां पर सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जैसी जांचें नहीं हो पाती हैं। इसकी वजह से मरीजों को 12 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। संस्थान ने इसे देखते हुए शासन के पास दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा था। शासन ने प्रस्ताव पर अपनी मंजूरी देते हुए 1.67 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। संस्थान की निदेशक प्रो. सोनिया नित्यानंद के अनुसार अब रेफरल अस्पताल में भी रेडियोलॉजी यूनिट लग सकेगी। ऐसा होने के बाद मरीजों की जांच हो सकेगी। रेडियोलॉजी यूनिट लगाने के लिए निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है।