इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन ने अयोध्या के धन्नीपुर में मस्जिद निर्माण के लिए आर्किटेक्ट का चयन कर लिया है। वहां बनने वाली मस्जिद, अस्पताल, इंडो इस्लामिक रिसर्च सेंटर और कम्यूनिटी किचन की डिजाइन जामिया मिल्लिया इस्लामिया के आर्किटेक्चर विभाग के अध्यक्ष प्रो. डॉ. एसएम अख्तर तैयार करेंगे। वे इंडो इस्लामिक संस्कृति और स्थापत्य के अच्छे जानकार हैं।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सुन्नी वक्फ बोर्ड को अयोध्या में मस्जिद निर्माण के लिए पांच एकड़ जमीन दी गई है। इस जमीन पर निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी बोर्ड की ओर से गठित ट्रस्ट ‘इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन’ को सौंपी गई है।
ट्रस्ट के सचिव अतहर हुसैन ने बताया कि पांच एकड़ जमीन में से 1400 वर्ग गज में मस्जिद और शेष जमीन पर अस्पताल, इंडो इस्लामिक रिसर्च सेंटर व कम्यूनिटी किचन बनाया जाएगा।
इसलिए पूरे पांच एकड़ पर होने वाले निर्माण की डिजाइन एक साथ पास करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि अयोध्या में लोगों को सर्वाधिक जरूरत अस्पताल की है। इसलिए मस्जिद के साथ सबसे पहले 150 से 200 बेड की क्षमता का चैरिटेबल अस्पताल बनाया जाएगा, जहां कोई भी मरीज महज 50 रुपये की पर्ची पर डायलिसिस तक की सुविधाएं प्राप्त कर सके।
अतहर ने बताया कि ट्रस्ट के बैंक खातों के संचालन शुरू हो गया है। दानदाता को आयकर से छूट देने के लिए 80 जी और 12ए में पंजीकरण के लिए आवेदन किया गया है। पंजीकरण के बाद ही ट्रस्ट अपने खाते में दान की राशि जमा करेगा।