प्रो. ओम प्रकाश पांडेय की सारस्वत साधना को मिला सम्मान
लखनऊ। संस्कृत, साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय प्रो. ओम प्रकाश पांडेय के व्यक्तित्व और कृतित्व को अब पुस्तक के रूप में संजोया गया है। उनके सम्मान में प्रकाशित अभिनंदन ग्रंथ ''सारस्वत साधना का एक सोपान'' का शनिवार को उप्र हिंदी संस्थान के निराला सभागार में लोकार्पण हुआ। देशभर से आए संस्कृत और साहित्य जगत के विद्वानों ने प्रो. पांडेय की साहित्यिक साधना, विद्वता और समाज के प्रति योगदान को याद किया। समारोह में इंटरनेशनल गीता फाउंडेशन मिशिगन (अमेरिका) के संस्थापक योगी आनंद, पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. अशोक बाजपेयी, जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शिशिर पांडेय समेत कई विद्वान मौजूद रहे। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. रूप किशोर शास्त्री ने उन्हें सारस्वत साधना का महान साधक बताया। डॉ. अमलधारी सिंह, प्रो. सत्यकेतु, डॉ. अनूप मिश्र और प्रो. रेखा शुक्ला ने भी उनके योगदान पर प्रकाश डाला।