प्रो. मांडवी सिंह
लखनऊ। भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय को लगातार दूसरी बार प्रो. मांडवी सिंह का नेतृत्व मिला है। राज्यपाल व विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने उन्हें तीन वर्ष के लिए फिर से कुलपति नियुक्त किया है। राजभवन ने शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। पिछले कार्यकाल में विश्वविद्यालय में शिक्षण, शोध और प्रशिक्षण गतिविधियां मजबूत हुईं। कथक, भरतनाट्यम, ध्रुपद, शास्त्रीय गायन और तालवाद्य समेत भारतीय कला-विधाओं पर कार्यशालाएं आयोजित हुईं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप पाठ्यक्रम विकास, शोध और नवाचार को बढ़ावा मिला। प्रो. मांडवी सिंह ने पुनर्नियुक्ति पर राज्यपाल के प्रति आभार जताया। उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता और भारतीय कला-संस्कृति को और मजबूत करने का संकल्प लिया। कुलसचिव एसपी सिंह समेत विश्वविद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई दी।