एसआर स्कूल की छात्रा प्रिया राठौर की मौत के मामले में फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद एक बड़ा सवाल परिजनों ने उठाया है।
दरअसल, क्राइम सीन दोहराए जाने के दौरान पांच मंजिल की छत से जितनी बार पुतला नीचे फेंका गया, उतनी बार उसका सिर जमीन पर टकराया था।
इस हिसाब से प्रिया के सिर में चोट होनी चाहिए थी, लेकिन उसके सिर में एक भी चोट नहीं थी। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुई थी। ऐसे में फॉरेंसिक रिपोर्ट के तथ्यों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
एसआर स्कूल के छात्रावास में 20 जनवरी की रात आठवीं कक्षा की छात्रा प्रिया राठौर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी।
दो फरवरी को फॉरेंसिक मेडिकोलीगल टीम ने घटनास्थल पर क्राइम सीन दोहराया था। बीते बुधवार को रिपोर्ट पुलिस को सौंपी।
इसमें दावा किया था कि प्रिया की मौत हादसा नहीं है। प्रिया खुद कूदी या फिर किसी ने धक्का दिया। इसे लेकर प्रिया के पिता जसराम ने कई अहम सवाल उठाए हैं।
जसराम का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में एक्सपर्ट की राय ली। इसमें स्पष्ट किया गया कि कोई भी शख्स जब इतनी ऊंचाई से जमीन पर गिरेगा तो उसका सिर जरूर टकराएगा। यही तब हुआ था जब पुतला पांच मंजिला इमारत से नीचे फेंका गया था।
चूंकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रिया के सिर में एक भी चोट न होने की पुष्टि थी, इसलिए जसराम का कहना है कि उनको फॉरेंसिक रिपोर्ट पर भरोसा नहीं है। उसमें गड़बड़ी की गई है। पीएम, सीएम, राज्यपाल, बाल आयोग व मानवाधिकार आयोग को भेजे गए पत्र में इसका जिक्र है।
बड़ा सवाल : बिना सिर चोटिल हुए गले की हड्डियां कैसे टूटीं?
प्रिया की गले की हड्डियां टूटी थीं। एक फॉरेंसिक एक्सपर्ट ने बताया कि ये हड्डियां तभी टूटती हैं जब कोई फांसी लगाए या किसी को फंदे से लटकाया जाए या मारकर हड्डी तोड़ी जाए। वहीं, जब कोई ऊपर से गिरता है तो उसका सिर जब जमीन पर टकराता है तब ये हड्डी डैमेज होती है। प्रिया के सिर में चोट नहीं थी, ऐसे में सवाल है कि अगर प्रिया ऊंचाई से गिरी तो बिना सिर चोटिल हुए ये हड्डियां कैसे टूटी हैं? जसराम ने भी पत्र में ये तथ्य विस्तार से लिखे हैं।
...तो क्या नंगे पैर बाहर निकली थी प्रिया?
जसराम ने बताया कि घटनास्थल पर प्रिया की चप्पल/जूते नहीं मिलीं। तो क्या वह बिना चप्पल/जूता पहनकर कमरे से बाहर निकली थी। अगर ऐसा होता तो पैर के पंजों में मिट्टी लगी होती, वह भी नहीं मिले। आखिर ऐसा क्यों? ऐसे कई और अहम सवाल जसराम ने उठाए हैं। जिनका जवाब नहीं मिल पा रहा है।
फॉरेंसिक जांच में सामने आया है कि प्रिया की मौत हादसा नहीं है। उसे या तो ऊपर से धक्का दिया गया या खुदकुशी कर ली। जांच रिपोर्ट में एक-एक तथ्य को विस्तृत रूप से लिखा गया है। अगर कोई संदेह है तो किसी और टीम से फॉरेंसिक जांच करवा सकते हैं। इसके लिए पीड़ित पक्ष स्वतंत्र है।
- डॉ. जी खान, मेडिकोलीगल एक्सपर्ट