लखनऊ। नाका में सोमवार देर रात चारबाग स्थित शर्मा होटल में दिल्ली के लालबाग निवासी निजी चालक जितेंद्र शर्मा (45) का शव बाथरूम के पास पड़ा मिला। नाका पुलिस ने घटनास्थल से मिले जितेंद्र के दस्तावेजों के जरिये उनके रिश्तेदार राजेश को जानकारी दी। राजेश के मुताबिक शनिवार को जितेंद्र पत्नी उर्मिला से जरूरी काम से लखनऊ जाने की बात कहकर घर से निकले थे। सोमवार सुबह वह शर्मा होटल पहुंचे थे। यहां वह 12 नंबर कमरे में ठहरे थे। चेक इन के समय जितेंद्र ने होटल कर्मियों से रात में दिल्ली जाने की बात कही थी। देर रात तक जब राजेश के कमरे से बाहर नहीं निकले तो होटल कर्मियों को कुछ संदेह हुआ। उनके कमरे का दरवाजा न खुलने पर कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर वीरेंद्र त्रिपाठी के मुताबिक पुलिस जितेंद्र का कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई थी। जितेंद्र बाथरूम के पास फर्श पर मृत हालत में मिले। पुलिसकर्मियों ने उन्हें ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।