डलमऊ (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के एक विद्यालय के प्रधानाचार्य ने छात्र के गाल पर थप्पड़ जड़ दिया। परिवार वालों ने छात्र के कान का पर्दा फटने का आरोप लगाया है। कोतवाली में तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई लेकिन दरोगा ने जबरन सुलह करा दी।
डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के कान्हा ग्राम निवासी तेज बहादुर यादव ने डलमऊ कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि शनिवार को गांव के एक विद्यालय के प्रधानाचार्य ने उसके 12 वर्षीय पुत्र दिव्यांश को अनायास कान पर जोरदार थप्पड़ मार दिया, जिससे उसके कान का पर्दा फट गया।
यही नहीं घायल किशोर के पिता ने बताया कि शिकायत की जांच करने पहुंचे हल्का दरोगा ने जबरन समझौता करा दिया। उसने न्याय न मिलने पर एसपी से गुहार लगाने की चेतावनी दी है। कोतवाली प्रभारी पवन कुमार सोनकर ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। विद्यालय में दो छात्रों के आपस में लड़ाई करने के चलते एक छात्र के कान में चोटें आई हैं। जांच के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी समझौता कर लिया है।