लखनऊ। कैसरबाग के हीवेट रोड स्थित एसआर अपार्टमेंट में रविवार दोपहर हुए दर्दनाक हादसे में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त दीवान शिवलाल सोनकर (68) की मौत हो गई।
बुजुर्ग ने दूसरे फ्लोर से नीचे जाने के लिए लिफ्ट का बटन दबाया। गेट खुला पर लिफ्ट नहीं आई और बुजुर्ग ने जैसे ही कदम आगे बढ़ाया तो डक्ट में गिर गए।
उन्नाव के मौरावां निवासी शिवलाल सोनकर का घर अमीनाबाद के बताशे वाली गली में है। मृतक के बेटे अमित ने बताया कि पिता शिवलाल अपने भाई ललित के साथ एसआर अपार्टमेंट के सेकंड फ्लोर पर फ्लैट में 2015 से रह रहे थे।
उनकी पत्नी गीता व बच्चे अमीनाबाद बताशे वाली गली में रहते हैं। अमित के अनुसार, पिता को आंखों से कम दिखता था और मोतियाबिंद भी था। रविवार दोपहर को बीड़ी खरीदने के लिए फ्लैट से निकले।
फ्लैट के बाहर लगी लिफ्ट का बटन दबाया। चैनल खोलकर जैसे ही कदम बढ़ाया तो सीधे डक्ट में जा गिरे। गार्ड की सूचना पर बुजुर्ग के परिजन दौड़े और किसी तरह डक्ट से घायल बुजुर्ग को निकालकर ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां थोड़ी देर में उनकी मौत हो गई।