फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएए 2.0 की तैयारी, सोशल मीडिया में भड़काऊ पोस्ट पर एक गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। राजधानी समेत प्रदेश के विभिन्न शहरों में सीएए को लेकर फिर से विरोध-प्रदर्शन की तैयारियां तेजी से शुरू हो गई हैं। सीएए-2.0 को लेकर पुलिस प्रशासन और खुफिया एजेंसियों के अधिकारी भी सतर्क हो गए हैं। साइबर सेल समेत एसटीएफ और एटीएस ने सोशल मीडिया की निगरानी में कई ऐसे लोगों को चिह्नित किया है जो सीएए के प्रदर्शन को लेकर भड़काऊ पोस्ट करके आम जनमानस में उत्तेजना फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी क्रम में गोमतीनगर पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात विरामखंड-4 से अफसार अहमद सिद्दीकी को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय ने बताया कि अफसार अहमद ने फेसबुक पर प्रदर्शन को लेकर भड़काऊ पोस्ट की थी, जिसे लेकर सोशल मीडिया का माहौल गरम हो गया। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। राजधानी में घंटाघर पर सीएए के विरोध में महिलाएं धरना-प्रदर्शन कर रही थीं, लेकिन कोविड-19 महामारी के चलते घोषित लॉकडाउन में उन्होंने आंदोलन खत्म कर दिया था। लॉकडाउन खुलने के बाद फिर से सीएए को लेकर आंदोलन की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। बीते महीने ही खुफिया एजेंसियों को इसकी तैयारियां शुरू होने की भनक लग गई थी। अधिकारिक सूत्रों का कहना है कि प्रदर्शन में शामिल लोगों के अलावा पर्दे के पीछे के कुछ लोगों की निगरानी से इन तैयारियों का खुलासा हुआ था। सीएए-2.0 से प्रदेश सरकार को अवगत कराने के साथ ही आला अधिकारियों के स्तर से इसकी रोकथाम के उपाय भी शुरू कर दिए गए थे। इसी के तहत सोशल मीडिया की निगरानी में पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से कई ऐसे लोगों को चिह्नित किया है जो प्रदर्शन की रूपरेखा पर चर्चा कर रहे हैं या उससे संबंधित पोस्ट डाल रहे हैं। गोमतीनगर के विरामखंड चार निवासी अफसार अहमद सिद्दीकी भी प्रदर्शन सीएए-2.0 को लेकर अपनी पोस्ट से पुलिस की नजर में आया और दबोच लिया गया। पुलिस आयुक्त का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रदर्शन से संबंधित व भड़काऊ पोस्ट करने वाले कई लोगों पर पुलिस की नजर है। ऐसे सभी व्यक्ति जो सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से समाज में वैमनस्यता फैलाने का काम कर रहे हैं, उन सबका रिकॉर्ड निकलवाने के साथ ही उनकी गतिविधियां खंगाली जा रही हैं। अमेरिका में नस्लभेद के खिलाफ आंदोलन की तर्ज पर प्रदर्शन की तैयारी गोमतीनगर इंस्पेक्टर धीरज कुमार ने बताया कि अफसार अहमद ने चार जून को अपनी फेसबुक वॉल पर प्रदर्शन से संबंधित पोस्ट डाली थी। उसने लिखा था कि अबकी प्रदर्शन और हिंसक होगा। बिल्कुल अमेरिका की तर्ज पर। मालूम हो कि अमेरिका में नस्लभेद के खिलाफ आंदोलन के चलते वहां के कई राज्यों में आगजनी और हिंसक घटनाएं हुईं। आम जनता सरकार और पुलिस के विरोध में सड़कों पर उतर आई। राष्ट्रपति ट्रंप को सुरक्षा के मद्देनजर बंकर में जाना पड़ा था। अफसार अहमद ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अमेरिका ने हमसे कुछ सीखा है, अब हम अमेरिका से कुछ सीखते हैं। सीएए-2.0 जबरदस्त होना चाहिए। उसकी पोस्ट के जवाब में शाकिब आलम नाम के व्यक्ति ने लिखा, ‘होगा, बिल्कुल और सबसे ज्यादा शक्तिशाली और हिंसक होगा’। उक्त पोस्ट के समर्थन में कई अन्य लोगों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी। कार्रवाई के डर से 24 घंटे में डिलीट कर दी थी पोस्ट बृहस्पतिवार देर रात अफसार के घर पुलिस पहुंची तो वह घबरा गया। उपनिरीक्षक दयाराम साहनी ने उसकी फेसबुक पोस्ट के स्क्रीन शॉट्स दिखाए तो उसे यकीन नहीं हुआ। उसने तुरंत पुलिसकर्मियों के हाथ-पैर जोड़ते हुए माफी मांगी। अफसार ने बताया कि उसने पोस्ट लिखी थी, लेकिन उक्त पोस्ट पर आने वाले कमेंट से गलती का अहसास हुआ। उसे लगा कि कानून की गिरफ्त में आ सकता है। इसलिए डरकर चौबीस घंटे में ही पोस्ट डिलीट कर दी थी। यही नहीं, उसने अपनी फेसबुक आईडी भी लॉक कर दी थी। हालांकि, तब तक उसकी पोस्ट के स्क्रीन शॉट्स पुलिस के पास आ चुके थे। अफसार अहमद जिस मोबाइल फोन पर फेसबुक चला रहा था, उसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। फोरेंसिक टीम उसका डाटा वापस लाने में जुटी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें