लखनऊ। लखनऊ-कानपुर हाइवे पर सैनिक स्कूल के पास सोमवार शाम ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक पर पीछे बैठी गर्भवती सड़क पर गिरी तो ट्रक उसे रौंदते हुए गुजर गया। गर्भवती की मौके पर ही मौत हो गई। भीड़ ने ट्रक चालक को दबोच लिया और जमकर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। हादसे में मृतका के पति को मामूली चोटें आई हैं।
बाजारखाला के अवध बिहारी हाता, बुलाकी अड्डा निवासी अजय कश्यप सोमवार शाम करीब चार बजे पत्नी रूबी (26) के साथ बंथरा में एक प्लाॅट देखने बाइक से जा रहे थे। वह सैनिक स्कूल के पास पहुंचे ही थे कि कानपुर की तरह जा रहे ट्रक ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दंपती छिटककर सड़क पर गिर गए। तभी ट्रक रूबी को रौंदते हुए निकल गया।
अजय ने राहगीरों की मदद से रूबी को सीएचसी पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अजय ने बताया कि रूबी करीब साढ़े तीन महीने की गर्भवती थीं। पुलिस के मुताबिक मामले में अलीगढ़ निवासी ट्रक चालक विनोद कुमार को हिरासत में लिया गया है। एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
इसी साल मई में ही अजय की रूबी से शादी हुई थी। पांच महीने बाद ही हादसे में रूबी की मौत हो गई। आंखों के सामने पत्नी की सांसें थमते देख अजय बदहवास हो गए। वह बिलखते रहे। रूबी गर्भवती थीं, इस वजह से अजय कह रहे थे कि एकसाथ दो जानें चली गईं। हादसे की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने किसी तरह अजय को संभाला।