लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के इनोवेशन हब की ओर से 21 अगस्त को स्मार्ट इंडिया हैकथॉन के लिए प्री हैकथॉन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विश्वविद्यालय परिसर के 186 छात्र 31 टीमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान टीमें 10 विभागों की दस क्षेत्रों की बाढ़, कृषि, स्मार्ट वाहन, लॉजिस्टिक, एग्रीकल्चर एंड टूरिज्म, साइबर सिक्योरिटी, ब्लॉकचेन, स्मार्ट एजुकेशन, फिटनेस एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का अपने आइडिया से समाधान प्रस्तुत करेंगे। उनके समाधान का जूरी मूल्यांकन करेगी। सबसे सटीक एवं व्यवहारिक आइडिया को चयनित किया जाएगा। चयनित आइडिया स्मार्ट इंडिया हैकथॉन में हिस्सा लेगी। इस प्री हैकथॉन का उद्घाटन कुलपति प्रो. जेपी पांडेय करेंगे। इनोवेशन हब के निदेशक वित्त अधिकारी केशव सिंह, डीन इनोवेशन प्रो. बीएन मिश्रा, एसोसिएट डीन इनोवेशन डॉ. अनुज कुमार शर्मा, इनोवेशन अब के सीईओ डॉ. महीप सिंह शामिल होंगे।