प्रधान की गिरफ्तारी के विरोध में थाने पर प्रदर्शन करते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ में पीजीआई से जुड़ी ग्राम सभा हसनपुर खेवली के ग्राम प्रधान सूरजपाल ने चोरी की एलईडी टीवी खरीदी थी। पुलिस ने दो शातिर चोरों के साथ प्रधान को गिरफ्तार करके शुक्रवार को जेल भेज दिया। कोतवाल अशोक कुमार सरोज ने बताया कि बृहस्पतिवार देर शाम मझिगवां रेलवे क्रॉसिंग पर अंसल चौकी प्रभारी अंजनी तिवारी फोर्स के साथ चेकिंग कर रहे थे।
इस बीच सुशील कुमार संदिग्ध हालत में एक बोरी ले जाते मिला। उसके साथ गुड्डू रावत भी था। दोनों गोसाईगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। तलाशी में एक छोटा एलईडी टीवी मिला। पूछताछ में बताया कि इसके पहले भी उन्होंने चोरी की है। एक एलईडी टीवी हसनपुर खेवली के प्रधान सूरजपाल को भी बेचा है।
पुलिस ने प्रधान के घर छापा मारा और टीवी बरामद कर लिया। कोतवाल के अनुसार, चोरों के पास से एक एलईडी टीवी, एक कॉफ ी मशीन और एक छोटा फ्रिज बरामद हुआ है। पुलिस ने मुकदमा लिख कर तीनों को जेल भेज दिया।