ऊंचाहार (रायबरेली)। एनटीपीसी परियोजना की यूनिट नंबर दो से तकनीकी खराबी के कारण बीती मंगलवार रात से 210 मेगावॉट बिजली का उत्पादन बंद हो गया है। परियोजना के अफसर सामान्य मरम्मत के लिए यूनिट बंद करने की बात कह रहे है।
एनटीपीसी परियोजना में बिजली उत्पादन के लिए 210-210 मेगावॉट क्षमता की पांच यूनिटें स्थापित हैं। छठवीं यूनिट में 500 मेगावॉट बिजली बनाती है। मंगलवार रात उत्पादन के दौरान यूनिट नंबर दो में तकनीकी खराब आ गई। उसके ब्वायलर में रिसाव होने की बात सामने आई है। खराबी के चलते यूनिट बंद हो गई और बिजली उत्पादन ठप हो गया।
इसके पहले दिसंबर में वार्षिक मरम्मत के लिए यह यूनिट बंद की गई थी, जिसे आठ जनवरी को चालू किया गया था। उसके बाद एक माह में तीन बार ब्वायलर में रिसाव के चलते यूनिट बंद हुई है। यूनिट के बंद होने से परियोजना में 210 मेगावॉट बिजली उत्पादन कम हो गया है। इस समय पांच यूनिटों से 1340 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है।
परियोजना की जनसंपर्क अधिकारी कोमल शर्मा ने बताया कि यूनिट को सामान्य देखभाल के लिए बंद किया गया है। जल्द ही चालू किया जाएगा।