लखनऊ। कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) की वजह से पॉलीटेक्निक के करीब 2000 विद्यार्थी सेमेस्टर की परीक्षा नहीं दे पाए थे। प्राविधिक शिक्षा परिषद ने ऐसे विद्यार्थियों को पुन: छूटी परीक्षा देने का मौका दिया है। परिषद ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल सहित 15 से अधिक डिप्लोमा इंजीनियरिंग की सेमेस्टर की परीक्षा 18 जून से शुरू होगी। परिषद के सचिव संजीव कुमार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 18 से 25 जून तक पॉलीटेक्निक की सेमेस्टर परीक्षा होगी। दो पालियों में प्रस्तावित परीक्षा की समय सारिणी परिषद की वेबसाइट पर अपडेट की गई है।