लखनऊ। फर्जी कैफे में बवाल के बाद एक आरोपी के परिजनों ने विभूतिखंड थाने में जमकर उत्पात मचाया। पुलिसकर्मियों से मारपीट कर उनकी वर्दी फाड़ दी। महिला सिपाही से गालीगलौज व अभद्रता की। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल भेजा है।
गाजीपुर इलाके में रहने वाला शाहबाज अपने साथियों के साथ 24 मार्च को समिट बिल्डिंग स्थित फर्जी कैफे गया था। सभी ने शराब पीने के साथ ही डिनर किया। कैफे के मैनेजर आदित्य कुमार के मुताबिक जब शाहबाज को बिल दिया गया तो उसने कहा कि वह रुपये नहीं देगा। आरोप है कि शाहबाज ने आदित्य से ही बिल भरने के लिए कहा। विरोध पर उनसे मारपीट शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम शाहबाज, दीपक चतुर्वेदी, सौरभ सिंह, शुभम, विशाल यादव व शिवम मिश्र को हिरासत में लेकर विभूतिखंड थाने ले गई।
देर रात शाहबाज के परिजन थाने पहुंचे। आरोप है कि परिजनों ने गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध पर उन्होंने दरोगा निमेष दुबे व अन्य दो-तीन पुलिसकर्मियों से मारपीट की। एक महिला सिपाही से बहुत अभद्रता की। तब पुलिस ने उन सभी को गिरफ्तार कर लिया। निमेष की तहरीर पर सैफ, फैज, मुशर्रफ, जीनत व शाहबाज की पत्नी नंदिनी के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज, धमकी, सरकारी काम में बाधा डालने की धारा में एफआईआर दर्ज की गई है।