महानगर पुलिस ने सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी की तलाश फिर से शुरू की है। पुलिस टीम ने बुधवार रात को अब्बास की तलाश में मेट्रो सिटी और दारुलशफा विधायक आवास पर नोटिस भी चस्पा किया।
दोनों जगह पुलिस को खाली लौटना पड़ा। मालूम हो कि अब्बास की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की सात टीमें लगी हैं, लेकिन तीन महीने से खाली हाथ हैं।
बांदा जेल में बंद पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी के बेटे व मऊ सदर से विधायक अब्बास अंसारी के खिलाफ महानगर थाने में 2019 में शस्त्र लाइसेंस के दुरुपयोग का मुकदमा तत्कालीन इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह ने दर्ज कराया था।
इसमें कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी कर विधायक को तुरंत गिरफ्तार करने का आदेश दिया था। कई टीमें बनाकर दबिश दी गई, लेकिन अब्बास हाथ नहीं लगा। दस दिन पहले कोर्ट ने अब्बास की अंतरिम जमानत की अर्जी खारिज कर दी थी।
इसके बाद महानगर इंस्पेक्टर केशव कुमार तिवारी 50 पुलिसकर्मियों के साथ रात करीब आठ बजे दारुलशफा स्थित विधायक निवास में फ्लैट नंबर 107 पर पहुंचे।
ताला लगा देख आसपास लोगों से पूछताछ की। फ्लैट की गैलरी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी देखे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दो-तीन दिनों के दौरान विधायक निवास में अब्बास के तीन-चार करीबी लोग देखे गए हैं।
ये लोग किस फ्लैट में रुके थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। इससे पहले मेट्रो सिटी स्थित दो फ्लैट में भी पुलिस गई थी, जहां ताला बंद मिला था।