पुलिस ने अब्बास अंसारी के दो करीबियों के घर पर दी दबिश।
- फोटो : ??? ?????
माफिया मुख्तार अंसारी के विधायक बेटे अब्बास अंसारी की तलाश में महानगर पुलिस ने सोमवार देर रात आलमबाग इलाके मे रहने वाले करीबी माफिया जुगनू वालिया और आलमबाग के बरहा निवासी यशवेंद्र उर्फ यूसुफ के घर पर दबिश दी, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
पुलिस दो दिनों से लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अब्बास नहीं मिला। पुलिस टीम अब्बास की तलाश में दिल्ली, गाजीपुर व मऊ में जमी हुई है। उसके खिलाफ तीन साल पहले महानगर थाने में एक शस्त्र लाइसेंस पर कई असलहे खरीदने और फर्जीवाड़े का मुकदमा दर्ज है।
एमपी-एमएलए विशेष कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद से ही मऊ सदर से सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी फरार है।
इससे पहले लखनऊ की क्राइम ब्रांच टीम ने 25 जुलाई को लखनऊ, दिल्ली, मऊ और गाजीपुर में छापा मारा था। कोर्ट ने अब्बास को 27 जुलाई तक गिरफ्तार करने का आदेश दिया था।
लगातार दबिश पड़ने के बाद भी अब्बास अंसारी के वकीलों ने कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी, जिसे कोर्ट ने बृहस्पतिवार को खारिज कर दिया।
रविवार को महानगर प्रभारी निरीक्षक केशव कुमार तिवारी अपनी टीम के साथ दारुलशफा स्थित आवास नंबर 107 पर दोपहर ढाई बजे पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला था।
इसके बाद पुलिस अब्बास के निजी आवास मेट्रो सिटी, डालीबाग भी गई लेकिन वहां भी कोई सुराग नहीं मिला।