रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को तड़के पुलिस और संरक्षित मवेशी तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की फायरिंग में तीन मवेशी तस्कर घायल हो गए। तीनों के दायें पैर के पास गोली लगी। इन सबके साथ पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तस्करों के पास से पुलिस ने वाहन समेत अन्य सामान बरामद किया है। तस्करों की जवाबी फायरिंग में पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए।
पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि तड़के चार बजे सूचना मिली कि मऊ डीह रजबहा के समीप दुसौती मार्ग के पास मवेशी तस्कर मौजूद हैं। सूचना पर एसओजी प्रभारी संजय कुमार सिंह, कोतवाल श्याम कुमार पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने पर तस्करों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया। पुलिस की फायरिंग में लखनऊ जिले के बाजार खाला थाना क्षेत्र के एशबाग निवासी कसीब उर्फ राशिद, अमेठी जिले के मोहनगंज कस्बा निवासी इमरान, रायबरेली जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र के अमावां पासिन का डेरा निवासी लवकुश घायल हो गए, इन सबके साथ अमेठी के मोहनगंज थाना क्षेत्र के नजरथपुर निवासी विनोद गुप्ता को दबोच लिया गया। वहीं इनका पांचवां साथी मोहनगंज निवासी सद्दाम फरार हो गया।
घायल तीनों तस्करों को जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। दोपहर बाद चारों मवेशी तस्करों को जेल भेज दिया गया। पकड़े गए तस्करों के पास से पिकप, स्कार्पियो, बाइक और असलहे और वध करने वाले औजार बरामद किए गए हैं।