- बीकेटी में भैसामऊ पुलिया के पास एसआर स्कूल की छात्रा की सड़क हादसे में हो गई थी मौत
- पुलिस ने थाना मोड़ पुलिया पर पत्थर लगा बंद कर दिया मार्ग, नहीं आने दिए जा रहे भारी वाहन
- ऐसे में भारी वाहन दो गांवों मामपुर व नगवा खुर्द से होते हुए पहुंच रहे सीतापुर हाईवे, हादसे की आशंका बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
बक्शी का तालाब। बीकेटी के भैंसामऊ पुलिया के पास हादसे में छात्रा आदित्री (9) की मौत के बाद शनिवार रात पुलिस ने इस मार्ग पर पत्थर लगाकर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी। रात में कई घंटे जाम लगा रहा और फिर ये वाहन दो गांवों से होते हुए सीतापुर हाईवे तक जाने लगे। इससे थाना मोड़ पुलिया से भैंसामऊ पुलिया तक के रास्ते में तो राहत हो गई, लेकिन गांव में वाहनों की लाइन लग गई। गांवों से भारी वाहन निकलने से अब वहां पर हादसे का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक ने पुलिस अफसरों से गांव से निकलने वाले वाहनों को डायवर्ट करने को कहा है।
मूलरूप से हरदोई निवासी नमिता सिंह बीकेटी में बच्चों के साथ रहती थीं। शनिवार सुबह जब वह बेटे शौर्य व बेटी आदित्री को पैदल स्कूल छोड़ने जा रही थीं तभी भैंसामऊ पुलिया के पास आदित्री अचानक से फिसल कर गिर गई थी। ऊपर से ट्रक चढ़ गया था। आदित्री की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के कुछ घंटे बाद पुलिस ने आउटर रिंग रोड से नहर रोड पर आने वाले भारी वाहनों को रोकने के लिए थाना मोड़ पुलिया के पास बड़े-बड़े पत्थर लगवा दिए थे। इससे मुसीबत बढ़ गई। पहले कई घंटे जाम लगा रहा। उसके बाद ये भारी वाहन मामपुर बाना व नगवा खुर्द गांव से होकर सीतापुर हाईवे पर आने लगे। इससे त्रस्त ग्रामीसों का कहना था कि इतने वाहन गांव से गुजर रहे हैं कि घर से बाहर निकलना मुश्किल होने के साथ बच्चों को भी खतरा हो गया है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए वाहनों पर पाबंदी लगाई गई है।
स्कूल प्रशासन ने जेसीबी लगवाकर बराबर कराई सड़क
जहां पर हादसा हुआ था वहां सड़क पूरी तरह खत्म हो चुकी है। कई जगह पर गड्ढे थे। हादसे के बाद स्कूल प्रशासन ने जेसीबी लगवाकर सड़क बराबर कराई। पहले ये बताया जा रहा था कि पुलिस ने गड्ढे भरवाए। इस पर बीकेटी पुलिस का कहना है कि सड़क बराबर कराने का काम स्कूल प्रशासन की तरफ से कराया गया है।
वाहन पास कराने का खेल
फैजाबाद रोड से सीतापुर रोड जाने वाला ट्रैफिक आउटर रिंग रोड होते हुए कुर्सी रोड पार करता है। उसके बाद गांवों के रास्ते होते हुए सीतापुर रोड पहुंचता है। यहां तक पहुंचाने के लिए बाकायदा ठेके उठ रहे हैं। कुछ लाेग थानों से सेटिंग कर ट्रक चालकों से चार-पांच सौ रुपये लेकर वाहन पास करते हैं। इससे इस रूट पर वाहनों की संख्या बढ़ती जा रही है।
रूट में क्या बदलाव किया गया है, इस बारे में जानकारी की जाएगी। अगर भारी वाहन प्रतिबंधित हैं और फिर उनका आवागमन हो रहा है तो सख्ती की जाएगी। हादसों पर अंकुश लगे और ट्रैफिक सही चले, इसको लेकर जरूरी बदलाव किए जाएंगे। जल्द जिम्मेदार अफसर मौके का मुआयना करेंगे।
- एसएम कासिम आब्दी, डीसीपी नॉर्थ