लखनऊ। ई नीलामी में एलडीए की आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियां चार गुना तक महंगी बिकी हैं। इससे प्राधिकरण को 515 करोड़ रुपये की आय हुई है।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बतायाा कि 16 अगस्त से 21 सितंबर के बीच पंजीकरण खोला गया था। इसमें पंजीकरण कराने वालों के बीच 25 सितंबर को ई नीलामी कराई गई। इसमें शामिल 256 संपत्तियों में से 73 बिक गईं।
कानपुर रोड योजना के सेक्टर-जी में 40 लाख का 202 वर्गमीटर का भूखंड 1.65 करोड़ रुपये में बिका। यह इसकी कीमत से 284 प्रतिशत अधिक था। गोमतीनगर विस्तार के सेक्टर-4 में 53 लाख का भूखंड 1 करोड़ 85 लाख रुपये में बिका।
बसंत कुंज योजना में स्कूल के लिए आरक्षित जमीन आरक्षित दर से अधिक में बिकी। सीबीडी योजना में ग्र्रुप हाउसिंग का 96 करोड़ का भूखंड 110 करोड़ रुपये व सीजी सिटी में ग्रुप हाउसिंग का भूखंड 82 करोड़ में बेचा गया।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि गोमतीनगर विस्तार के सेक्टर-4 में 33 हजार रुपये वर्गमीटर की आरक्षित दर के भूखंड 1.12 लाख रुपये वर्गमीटर की दर तक बिके हैं। प्राधिकरण नवरात्रि पर व्यावसायिक संपत्तियों के लिए फिर ई नीलामी कराएगा।