लखनऊ। महानगर थानाक्षेत्र में मंगलवार रात निशातगंज पुल के नीचे एसयूवी में बैठे बुजुर्ग का बैग छीनने के लिए बदमाश उलझ गए। इस पर बुजुर्ग ने पास में रखी रायफल उठा ली, लेकिन बदमाश बैग लेकर भागने में सफल रहे। बुजुर्ग के मुताबिक बैग में पिस्टल, 50 हजार कैश व लाइसेंस रखा था। सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से बदमाशों की तलाश कर रही है।
अलीगढ़ के तिलखना में चेयरमैन आरिफ उर्फ गुलाम मुहुद्दीन ने बताया कि चाचा अली हुसैन के साथ मंगलवार को निजी काम से विधानसभा गए थे। इसके चलते पिस्टल को बैग के अंदर कार में रख दिया था। वहां से लौटते समय पिस्टल बैग से निकालना भूल गए। शाम को वह निजी काम से करामत मार्केट गए थे। इस दौरान एसयूवी में चाचा व ड्राइवर कसीम बैठा था। इतने में दो युवक आए और ड्राइवर कसीम से कहा कि करामत मार्केट में मालिक बुला रहे हैं। इस पर वह कार से उतर कर चला गया। इसके बाद एक युवक चाचा से बात करने लगा और दूसरी तरफ से दूसरा युवक बैग निकालने लगा। चचा ने देखा तो खींचतान होने लगी। इस पर चाचा ने रायफल निकालना चाहा, लेकिन दोनों युवक बैग लेकर फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक महानगर केके तिवारी के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।