लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय व सहयुक्त महाविद्यालयों में पीएचडी के लिए सत्र 2021-22 की प्रवेश परीक्षा के अंतर्गत इंटरव्यू के लिए अर्ह अभ्यर्थियों की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी कर दी गई थी। इसी क्रम में प्रवेश के लिए इंटरव्यू 10 से 15 अक्तूबर के बीच आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद अन्य औपचारिकता कर प्रवेश पूरा किया जाएगा।
प्रवेश समन्वयक प्रो. पंकज माथुर ने साक्षात्कार के लिए विश्वविद्यालय के संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों को सात अक्तूबर तक यह सूचित करने के लिए कहा है कि 10 से 15 अक्तूबर के बीच साक्षात्कार के लिए उनके यहां कब विभागीय शोध समिति की मीटिंग होगी। ताकि संबंधित विषयों के अर्ह अभ्यर्थियों को इसके बारे में सूचित किया जा सके।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा पिछले दिनों पीएचडी फुल टाइम की 1250 व पार्ट टाइम की लगभग 45 सीटों के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया था। इसके बाद इसके लिए अर्ह अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई थी। पीएचडी फुल टाइम की प्रवेश परीक्षा 70 अंकों की लिखित हुई थी, जबकि अब साक्षात्कार 30 अंकों का होगा। साक्षात्कार में जो अभ्यर्थी जेआरएफ उत्तीर्ण है उसे इसके 10 अंक प्राप्त हो जाएंगे। शोध प्रस्तुतीकरण 20 अंक का होगा। जो अभ्यर्थी नेट उत्तीर्ण हैं उन्हें 05 अंक प्राप्त होंगे और साक्षात्कार 20 अंकों का होगा।
इसी क्रम में पार्ट टाइम पीएचडी में 1000 शब्दों का रिसर्च प्लान राइट अप लिखना होगा, जिसका मूल्यांकन 70 अंकों में डीआरसी द्वारा किया जाएगा। साक्षात्कार, कार्य अनुभव व शैक्षिक योग्यता के 30 अंक होंगे। इसके आधार पर अंतिम सूची तैयार कर निर्धारित सीटों के सापेक्ष प्रवेश लिए जाएंगे। इस सत्र में पहली बार स्नातक कॉलेज के अर्ह शिक्षकों को भी पीएचडी कराने के लिए सीट आवंटित की जाएगी।
पहले-अंतिम सेमेस्टर के परिणाम जारी
लविवि व सहयुक्त महाविद्यालयों के एमबीए (पांच वर्षीय) बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन के आठवें सेमेस्टर, बीएससी होम साइंस फाइनल ईयर समेत कई कोर्सों के पहले सेमेस्टर का परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिया गया। परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी के अनुसार बीए तीसरे वर्ष, बीएलएलड पहले सेमेस्टर, एमएससी एप्लाइड जियोलॉजी पहले सेमेस्टर, एमएससी जुलॉजी पहले सेमेस्टर, एमए एमआईएच व जियोग्राफी पहले सेमेस्टर का परिणाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।
इंटरनल व प्रयोगात्मक परीक्षा के अपलोड करें नंबर
लखनऊ विश्वविद्यालय व सहयुक्त महाविद्यालयों के स्नातक व परास्नातक कोर्सों की दूसरे सेमेस्टर की इंटरनल व प्रयोगात्मक परीक्षाओं के नंबर जल्द अपलोड करने के निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी द्वारा सभी हेड व प्राचार्यों को पत्र भेजकर कहा गया है कि उक्त की परीक्षाएं समाप्त हो गई हैं। किंतु कुछ विभागों व कॉलेजों द्वारा उक्त का इंटरनल नहीं भेजा गया व प्रयोगात्मक परीक्षाओं के अंक विश्वविद्यालय पर अपलोड नहीं किए गए हैं। इसके कारण रिजल्ट नहीं तैयार हो पा रहा है। इसे देखते हुए जल्द से जल्द इसे अपलोड करें।