लखनऊ। राजधानी के ‘फेफड़े’ कहे जाने वाले कुकरैल रिजर्व फॉरेस्ट के पेड़ों को कटने से बचाने की मुहिम में शहर के नागरिक आगे आए हैं। शुक्रवार को बड़ी संख्या नागरिकों ने कुकरैल के प्रवेश द्वार से कुर्सी रोड तक शांतिपूर्ण दौड़ के जरिये जागरूकता अभियान चलाया। सिटिजन्स फॉर लखनऊ और कुकरैल रनर्स के बैनर तले इस मुहिम की अगुआई कर रहे पर्यावरण एक्टिविस्ट आलोक सिंह ने बताया कि कुकरैल रिजर्व फॉरेस्ट में सरकार द्वारा प्रस्तावित जंगल सफारी और चिड़ियाघर परियोजना में हजारों की संख्या में हरे पेड़ों के कटान की योजना है, जिसका पर्यावरण प्रेमी पुरजोर विरोध कर रहे हैं। टीम में शामिल निहारिका, धर्मवीर और ज्योत्सना ने बताया कि फॉरेस्ट में अतिक्रमण, मेडिकल और नगरपालिका कचरे के डंपिंग होने की वजह से यहां की आबोहवा खराब हो रही है। जिसे लेकर शांतिपूर्ण विरोध और जागरूकता के लिए दौड़ आयोजित की गई।