रायबरेली। 60 साल की उम्र पार कर चुके 8234 बेसहारा बुजुर्गों की वृद्धावस्था पेंशन के आवेदन स्वीकृत कर दिए गए हैं। डीएम के अनुमोदन के बाद डाटा को फ्रीज करके निदेशालय भेजा गया है। जल्द ही वृद्धजनों के खातों में पेंशन आनी शुरू हो जाएगी। नई स्वीकृति के बाद जिले में वृद्धावस्था पेंशनरों की संख्या बढ़कर 1,12,038 हो गई है।
वृद्धावस्था पेंशन के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा होने के बाद समाज कल्याण विभाग से ब्लॉकों व नगर पंचायतों को आवेदनों की जांच के लिए भेज देता है। ब्लॉकों से रिपोर्ट आने के बाद पेंशन का लाभ दिया जाता है। शासन की मंशा पर करीब 10 हजार बुजुर्गों ने 60 की उम्र पार होने के बाद पेंशन के लिए आवेदन किया था। जांच पूरी होने के बाद 8234 बुजर्गों की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत कर दी गई है।
डीएम के स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद डाटा समाज कल्याण निदेशालय को भेज दिया गया है। उम्मीद है कि अगस्त महीने से ही वृद्धों के खातों में पेंशन आनी शुरू हो जाएगी। हर माह बुजुर्गों के खातों में पेंशन पहुंचने से उन्हें बुढ़ापे का बड़ा सहारा मिल सकेगा।
पुराने पेंशनरों का सत्यापन शुरू
जिले में पहले से वृद्धावस्था पेंशन पर रहे पेंशनरों को अगली किस्त देने के लिए सत्यापन का काम शुरू हो गया है। नियमानुसार साल भर में एक बार सत्यापन कराया जाता है, जिसमें मृतकों की पेंशन को रोककर शेष वृद्धजनों के खातों में पेंशन भेजी जाती है।
ब्लॉकवार पास की गई पेंशन
ब्लॉक स्वीकृत वृद्धावस्था पेंशन
अमावां 403
बछरावां 563
छतोह 126
डलमऊ 789
डीह 315
दीनशाह गौरा 362
हरचंदपुर 399
जगतपुर 348
खीरों 365
लालगज 484
महराजगंज 653
राही 265
रोहनियां 72
सलोन 412
सरेनी 496
सतांव 605
शिवगढ़ 392
ऊंचाहार 488
नगर पालिका 248
सभी निकायों 499
कुल 8234
जिले में 8234 बुजुर्गों की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत की गई है। फ्रीज करके डाटा को समाज कल्याण निदेशालय भेजा गया है। जल्द ही बुजुर्गों के खातों में सीधे वृद्धावस्था पेंशन पहुंचनी शुरू हो जाएगी।
- सृष्टि अवस्थी, जिला समाज कल्याण अधिकारी