लखनऊ। दो दिन पहले घोषित हुए पीसीएस परीक्षा के परिणाम ने राजधानी के सुरेंद्रनगर निवासी सब इंस्पेक्टर कमलेश राय के घर में खुशियों की बहार ला दी है। उनके बेटे संजीव राय का चयन डिप्टी एसपी के पद पर हुआ है। उन्हें सामान्य श्रेणी में 93वीं रैंक मिली है।
इस सफलता का श्रेय संजीव ने अपनी मां किरण व पिता कमलेश राय को दिया है। मकैनिकल से बीटेक की पढ़ाई पूरी करने वाले संजीव ने बताया कि अपने तीसरे प्रयास में यह सफलता मिली। मूलरूप से आजमगढ़ के दुरी के रहने वाले संजीव के पिता लखनऊ में बतौर एसआई तैनात रह चुके है। संजीव ने बताया कि पिता पुलिस की नौकरी के कारण अक्सर घर पर समय नहीं दे पाते थे। मां किरण ने उनको पढ़ाई के लिए लगातार प्रेरित किया। संजीव का छोटा भाई विशाल राय भी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर दिल्ली में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहा है।
फूड इंस्पेक्टर के बाद अब डिप्टी एसपी
इंदिरानगर निवासी आलोक गुप्ता एक के बाद एक सफलता की सीढ़ियां चढ़कर पीसीएस परीक्षा में डिप्टी एसपी पद पर चयनित हुए हैं। आलोक इससे पहले असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर और फूड इंस्पेक्टर के पद पर चयनित हो चुके हैं। एचबीटीआई से इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले आलोक गुप्ता अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता ब्रजेश गुप्ता और मां उषा गुप्ता को देते हैं।