शासन से मिली हरी झंडी, 13.61 करोड़ रुपये किए जाएंगे खर्च, जमीन चिह्नित
अमृत योजना-2 के तहत शहर का वार्ड नंबर 14 पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चयनित
फोटो संख्या 21
संवाद न्यूज एजेंंसी
रायबरेली। शहर की ढाई लाख आबादी को 24 घंटे पेयजल आपूर्ति मिलने का रास्ता साफ हो गया है। यह कार्य अमृत योजना-2 के तहत होना है। जल निगम के प्रस्ताव पर शासन ने मोहर लगाते हुए इसे हरी झंडी दे दी है। जिस स्थान पर पानी की टंकी और नलकूप लगाया जाना है, उसके लिए जमीन भी चिह्नित कर ली गई है। दरअसल, अमृत योजना-2 के तहत शहर के वार्ड नंबर 14 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चुना गया है।
इस वार्ड के सभी मोहल्लों में 24 घंटे पानी की आपूर्ति कराई जाएगी। प्रयोग सफल रहा तो अन्य वार्डों में भी 24 घंटे पानी आपूर्ति कराई जाएगी। इस कार्य पर 13 करोड़ 61 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। गोरा बाजार से कुछ दूर स्थित गोड़वा गदियानी में नया नलकूप लगवाने के लिए जमीन चिह्नित की गई है। मौजूदा समय की बात करें तो शहर के 34 वार्डों में सुबह छह बजे से नौ बजे और शाम को पांच बजे से रात नौ बजे तक पानी की आपूर्ति होती है। बाकी समय में पानी की आपूर्ति न होने से नागरिकों को पानी के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। सबसे ज्यादा परेशानी गर्मी के दिनों में होती है।
इनसेट
नई पाइप लाइन बिछाने के साथ लगेगा नलकूप
पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चयनित किए गए वार्ड नंबर 14 में नया नलकूप लगवाया जाएगा। नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। पहले से बनी पानी की टंकी की मरम्मत कराई जाएगी। यह सुविधा होने से तिलक नगर, गोरा बाजार, सम्राट नगर, राम विलास नगर, पहलवान वीर बाबा नगर, राजकीय कॉलोनी, कृष्णा नगर, बस्तेपुर, शिक्षक नगर के सभी नागरिकों को 24 घंटे पानी मिलेगा।
इनसेट
शहर की ढाई लाख आबादी को 24 घंटे पानी आपूर्ति करने के लिए पायलट प्रोजेक्ट के रूप में वार्ड नंबर 14 को चुना गया है। शासन से इस कार्य को कराने की हरी झंडी मिल गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। ऐसा होने से नागरिकों को पेयजल संकट से राहत मिल सकेगी।
-देवेंद्र कुमार, एक्सईएन, जलनिगम