लखनऊ के अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल से रविवार रात को दुबई जाने वाली फ्लाइट करीब साढ़े तीन घंटे तक लेट हुई। इससे दुबई की फ्लाइट का इंतजार कर रहे यात्रियों को कुर्सियों पर रात काटनी पड़ी। यात्रियों ने यह परेशानी को ट्विटर पर साझा किया।
दरअसल, लखनऊ से देर रात दुबई जाने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 1087 घंटों लेट हो गई। यह फ्लाइट लखनऊ से रात 1:45 बजे दुबई के लिए उड़ान भरती है। मगर, फ्लाइट सुबह 5:15 बजे दुबई के लिए उड़ी। जो यात्री सुरक्षा की जांच कराकर पहुंचे उनको परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, इंडिगो ने ट्विटर हैंडल से खेद व्यक्त करते हुए फ्लाइट की देरी का कारण तकनीकी समस्या बताई। दुबई जाने वाले यात्री तय समय पर पहुंच गए थे। विमान में बोर्डिंग का समय आया तो उन्हें सूचना दी गई कि तकनीकी कारणों से फ्लाइट लेट है। इसके कारण यात्रियों को प्रतीक्षा हॉल में कुर्सियों पर बैठ कर रात काटनी पड़ी।